
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में अपने संबोधन में कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। पीएम मोदी ने कहा कि ये मोहब्बत की दुकान चलाने वाले मोदी की कब्र खोदने की बात करते हैं, मोदी की कब्र खुदेगी का नारा लगाते हैं। लेकिन ऐसा इसलिए नहीं हो पाएगा क्योंकि उनके पास आशीर्वाद का कवच है। यह आशीर्वाद उन लोगों का है जिनके लिए वे कार्य करते हैं और जिन्हें कोई नहीं पूछता, उन्हें वे पूजते हैं।
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि उनकी कब्र क्यों खोदना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि गांधी परिवार को लगता है कि पीएम की कुर्सी उनकी पारिवारिक संपत्ति है। मोदी की कब्र इसलिए खोदना चाहते हैं क्योंकि वह धारा 370 की दीवार गिराते हैं और ऑपरेशन सिंदूर करते हैं। किसी ने मुझसे पूछा था कि आपके स्वास्थ्य का क्या राज है, तो मैंने कहा कि मैं रोजाना 2 किलोग्राम गाली खाता हूं।
साथ ही, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश के लोगों का अपमान करना कांग्रेस के स्वभाव में था। कांग्रेस ने बीते दिनों राष्ट्रपति का अपमान किया। चुनाव के बाद जिस प्रकार से शब्द कहे गए, उससे शर्मिंदगी महसूस होती है कि ये कैसे लोग हैं। उन्होंने कहा कि कल लोकसभा में भी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा नहीं हो पाई, जो घोर अपमान है। गरीबी से निकली आदिवासी महिला के साथ कांग्रेस का व्यवहार, महिला का और आदिवासी समाज का अपमान है, साथ ही संविधान का भी अपमान हुआ है।




















