सुलतानपुर । मोस्ट कल्याण संस्थान के तत्वाधान में जिला संयोजक राकेश कुमार निषाद के नेतृत्व में राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में लिखा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश/निर्देशों के अनुपालन में पारित यू.जी.सी. कानून देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समानता एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से लाया गया है। यह विशेष रूप से महिलाओं, पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं अन्य वंचित समुदायों के अधिकारों की सुरक्षा, संरक्षण एवं प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इस कानून के माध्यम से उच्च शिक्षा संस्थानों में आरक्षण, समान अवसर तथा सामाजिक न्याय के संवैधानिक सिद्धांतों को और अधिक मजबूती मिलेगी। मोस्ट कल्याण संस्थान विगत कई वर्षों से पिछड़े, शोषित, वंचित समाज के शैक्षिक, सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकारों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, इस यूजीसी कानून का पूर्ण समर्थन करता है।
उल्लेखनीय है कि उक्त यूजीसी कानून पूर्णतः भारतीय संविधान की मूल भावना सामाजिक न्याय, बंधुत्व एवं अवसर की समानता के अनुरूप है। यह कानून देश की एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने वाला है इसे बनाए रखना न केवल संवैधानिक आवश्यकता है बल्कि राष्ट्रहित में भी अत्यंत आवश्यक है। मोस्ट कल्याण संस्थान ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पारित यूजीसी कानून 2026 को महिलाओं, पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं वंचित समाज के हित में यथावत लागू रखा जाए एवं सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे एवं संविधान की मूल भावना की रक्षा की जाए। ज्ञापन देने वालों में मोस्ट प्रदेश प्रमुख जीशान अहमद, जिला संयोजक राकेश निषाद, जिला प्रमुख डा. गोविन्द भगत, जिला प्रमुख महिला विंग नन्दनी बौद्ध, प्रदेश सह संयोजक अमृतलाल निषाद, हरिश्चंद्र निषाद, प्रधान प्रतिनिधि महादेव निषाद, हौसिला प्रसाद निषाद, भारत राम, डा. अनिल कुमार, आरती बौद्ध, डा. राहुल निषाद, आशा देवी, अंकिता, रेनू, अंजू, सुषमा, अनीता देवी, गायत्री, सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
द्वितीय चरण की यात्रा में अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक सहयोग से सपाईयों में खुशी
सुलतानपुर। पीडीए जागरण एवं सम्मान यात्रा के पांचवे व अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक ’अनूप संडा’ ने कहा ने कहा कि ’भाजपा सरकार में हर वर्ग पीड़ित और प्रताड़ित है। सरकार के आंकड़े झूठे और फर्जी है। भाजपा झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह करती है। सरकार हर मोर्च पर नाकाम है। दलितों, महिलाओं के साथ उत्पीड़न और अन्याय चरम पर है। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए पीड़ितों पर दबाव बनाकर समझौता कराया जाता है। अपराधी तत्वों को सरकार का संरक्षण है। भाजपा सरकार सामंती मानसिकता से कार्य कर रही है। संविधान और कानून नहीं मान रही है। सत्ता के संरक्षण में यह सरकार झूठ बोलकर फूट डालती हैं फूट डालकर लूट करती हैं, दबंग गरीबों की जमीनें छीन रहे हैं। तरह-तरह से परेशान कर रहे हैं। सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। भाजपा भूमाफियों के साथ है। भाजपाई सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे है और बजट लूट रहे हैं। पूरे प्रदेश में अराजकता है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर गरीबों और पीडीए की आवाज को दबा रही है। भाजपा पीडीए की एकजुटता से घबराई हुई है। पीडीए के लोगों की नौकरियां और आरक्षण छीना जा रहा है। भाजपा पीडीए को कमजोर करने का षड्यंत्र कर रही है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, जातीय उत्पीड़न, भेदभाव, अन्याय से त्रस्त हो चुकी है। तथा जनता के बीच भाजपा के झूठे वादों की पोल खुल चुकी है। भाजपा पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर अन्याय, अत्याचारी शासन का अंत कर देगी। द्वितीय चरण की यात्रा के अंत में ’अनूप संडा’ ने क्षेत्र की जनता एवं साथियों का तन, मन, धन से सहयोग के लिए आभार एवं अभिवादन किया। जिन्होंने कदम से कदम मिलाकर समाजवादी जनजागरण में अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक सहयोग किया तथा तृतीय चरण की यात्रा इससे भी अधिक जोर शोर से निकालने के लिए युवाओं का आह्वान किया।





















