
ज्योतिर्मठ (चमोली) : औली में इस बार राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप खास अंदाज़ में आयोजित होने जा रही है। पहली बार टेक्निकल कमेटी के निर्णय के बाद प्रतियोगिता दो अलग-अलग स्कीइंग स्लोप पर कराई जाएगी। आयोजन का विस्तृत खाका तैयार हो चुका है और समिति की ओर से तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं।
दरअसल, औली के मुख्य नंदा देवी स्लोप पर बर्फ तेजी से पिघल रही है। इसी को देखते हुए प्रतियोगिताओं को दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित करने का फैसला लिया गया है। विंटर कॉर्निवाल के साथ राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप 12 से 16 फरवरी तक आयोजित होगी।सोमवार को विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि विंटर कॉर्निवाल का आयोजन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) करेगा, जबकि राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का संचालन विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बर्फ की कमी को देखते हुए स्कीइंग इवेंट अलग-अलग स्लोप पर शिफ्ट किए गए हैं। नंदा देवी स्लोप के आठ नंबर टावर के शुरुआती बिंदु से स्की माउंटेनियरिंग और स्नोबोर्ड प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि दस नंबर टावर के ऊपर टी-लाइन से एल्पाइन इवेंट आयोजित किए जाएंगे। जिन हिस्सों में बर्फ कम है, वहां अन्य स्थानों से बर्फ लाकर स्लोप को तैयार किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 51 हजार रुपये, उपविजेता को 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा पूरे आयोजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को विशेष ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।


















