
बलराम सिंह/प्रयागराज के श्रृंगवेरपुरधाम में यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद मस्जिद हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मंत्री का आरोप है कि मस्जिद अवैध रूप से मंदिर की जमीन पर बनाई गई है और करीब 15 साल पहले मंदिर के पुजारी की हत्या के बाद वहां कब्जा कर निर्माण किया गया। धरने की सूचना मिलते ही करीब 1000 से अधिक समर्थक मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात संभालने की कोशिश शुरू की। पुलिस और अधिकारी मंत्री को समझाने में जुटे हैं, ताकि विवाद और न बढ़े। मंत्री संजय निषाद सोमवार को निषाद पार्टी की रैली में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे थे। इसी दौरान महाराजा गुहाराज निषाद की जयंती पर निषादराज पार्क में पूजा करने के बाद उन्होंने मस्जिद को लेकर विरोध जताया और एनएच-30 पर धरना शुरू कर दिया।धरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और यातायात बहाल कराने के प्रयास जारी हैं।
















