• Home
  • State News
  • एकेटीयू में ‘सविष्कार स्टार्टअप संगम 2026’ हुआ समापन
Image

एकेटीयू में ‘सविष्कार स्टार्टअप संगम 2026’ हुआ समापन

लखनऊ वार्ता न्यूज

लखनऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अवध प्रांत के ‘सविष्कार’ आयाम का दो दिवसीय अखिल भारतीय सम्मेलन ‘सविष्कार स्टार्टअप संगम 2026’ का आज डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ में सम्पन्न हुआ। नवाचार और उद्यमिता के इस महाकुंभ के दूसरे और अंतिम दिन युवाओं को अपने विचारों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए प्रेरित किया गया। आज के दिवस के मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री देवदत्त जोशी उपस्थित रहे जिन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन किया। वहीं समारोप सत्र में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही एवं सविष्कार के राष्ट्रीय संयोजक निसर्ग राठौड़ ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। इस दो दिवसीय स्टार्टअप सम्मेलन में मेटा, एड्यूबुक, हाउस एस्थेटिक्स, बमशम, वॉक्सऑरा लैब्स, रेशनल एआई, एएम स्किल्स ई-एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड, डेक्सटोरा एआई एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड, राइट लेफ्ट एआई, फिजिक्स वाला, ड्रोन लैब, आईआईएम लखनऊ इनक्यूबेशन सेंटर तथा आई-हब यूपी एकेटीयू जैसे प्रमुख कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि पैनल संवाद में भाग लिया। आज के दिवस के मुख्य वक्ता एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री देवदत्त जोशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “भारत का युवा अब केवल नौकरी की कतार में खड़ा रहने वाला नहीं बल्कि समाज को नई दिशा और रोजगार देने वाला बन रहा है। हमारे युवाओं में असीम ऊर्जा और विश्वस्तरीय विचार हैं; आवश्यकता है तो बस उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की। विद्यार्थी परिषद हमेशा से छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में बदलने का कार्य करती रही है। हमारा मानना है कि सविष्कार जैसे मंचों से निकलने वाले स्टार्टअप्स का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ कमाना नहीं होना चाहिए बल्कि उनका मूल लक्ष्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की समस्याओं का तकनीकी और सुलभ समाधान खोजना होना चाहिए। यही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण है।” समारोप सत्र को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही ने कहा, “आज देश का युवा नवाचार के क्षेत्र में अपनी असीम संभावनाओं का प्रदर्शन कर रहा है। इस दो दिवसीय संगम में देशभर से आए लगभग 250 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की है और हमने देखा कि छोटे शहरों और ग्रामीण परिवेश से आने वाले छात्रों के पास भी अत्यंत व्यावहारिक और परिवर्तनकारी स्टार्टअप आइडिया हैं। विद्यार्थी परिषद और सविष्कार का यह संयुक्त प्रयास इन विचारों को कागजों से निकालकर धरातल पर उतारने का एक अनुष्ठान है। हमारा लक्ष्य है कि हमारे शैक्षणिक परिसर केवल डिग्रियां बांटने के केंद्र न रहें बल्कि वे नवाचार और उद्यम के जीवंत इकोसिस्टम बनें।”

समारोप सत्र में इस आयोजन का सारांश प्रस्तुत करते हुए सविष्कार के राष्ट्रीय संयोजक निसर्ग राठौड़ ने कहा, “इन दो दिनों में देशभर से आए छात्र प्रतिनिधियों, निवेशकों और उद्योग जगत के विशेषज्ञों के बीच जो ऊर्जावान संवाद हुआ है वह अद्वितीय है। ‘सविष्कार स्टार्टअप संगम 2026’ केवल एक आयोजन नहीं बल्कि एक वैचारिक क्रांति की शुरुआत है। युवाओं के भीतर ‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब क्रिएटर’ बनने की जो आग हमने इन दो दिनों में देखी है वह हमें पूर्ण विश्वास दिलाती है कि हम इन बेहतरीन विचारों को आगे ले जाने और उन्हें उचित इनक्यूबेशन दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यहाँ से निकलने वाला हर युवा भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।” कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों, वक्ताओं, मेंटर्स और देश के कोने-कोने से आए छात्र प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। वंदे मातरम के गान के साथ नवाचार और उद्यमिता के इस दो दिवसीय आयोजन का सफलतापूर्वक समापन हुआ। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में अभाविप अवध प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा, प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी,विभाग संगठन मंत्री पुष्पेंद्र बाजपेई सहित तमाम छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रही।

Releated Posts

7 सितंबर 2022: कन्याकुमारी के साहिल से शुरू हुआ सफर, “नफ़रत छोड़ो—भारत जोड़ो” के संकल्प के साथ चलते रहे राहुल गांधी

नैयर आजम नई दिल्ली, 7 सितंबर। भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत के चार वर्ष पूरे होने के मौके पर…

घोसी में जिला सहकारी बैंक का ऋण वितरण कैंप: सात किसानों को मिले केसीसी के चेक

दिनेश प्रजापति मऊ। जिला सहकारी बैंक घोसी ने किसानों के लिए एक ऋण वितरण कैंप बुधवार को आयोजित…

दो सप्ताह में में दूसरी बार खतरे के निशान से पांच सेंटीमीटर ऊपर पहुंची सरयू

दिनेश प्रजापति दोहरीघाट। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर…

तहसीलदार अमरनाथ यादव को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की

मऊ। घोसी के बड़रांव की ग्राम सभा रजपुरा में राशन वितरण को लेकर विवाद सामने आया है। कोटेदार…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top