• Home
  • Health
  • 15 बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाकर राज्य में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ
Image

15 बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाकर राज्य में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ

लखनऊ वार्ता न्यूज

लखनऊ:  देश की बालिकाओं एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के घातक प्रकोप से सुरक्षित करने एवं सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी लड़ाई को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रीय भ्च्ट टीकाकरण अभियान का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ अजमेर, राजस्थान से किया गया। यह ऐतिहासिक पहल भारत को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त और दूरदर्शी कदम है।
इस अवसर पर माननीय उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक द्वारा उत्तर प्रदेश में राज्य स्तरीय एचपीवी (भ्च्ट) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, उ०प्र० लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में माननीय राज्य मंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, श्री मयंकेश्वर शरण सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। माननीय प्रधानमंत्री जी के शुभारंभ समारोह के वर्चुअल माध्यम से प्रसारित कार्यक्रम को सभागार में उपस्थित समस्त लोगों ने सजीव देखा।

इस कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों द्वारा टीकाकरण स्थल का अवलोकन करने के उपरांत 15 बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाकर राज्य में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय सदस्य, विधान परिषद, श्री मुकेश शर्मा जी व विधायक श्री नीरज बोरा जी, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, श्री अमित कुमार घोष, आई०ए०एस०, कुलपति के०जी०एम०यू० प्रो० सोनिया नित्यानन्द, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उ०प्र० डॉ० पिंकी जोवल, आई०ए०एस०, अपर मिशन निदेशक, श्री धीरेन्द्र सिंह सचान आई०ए०एस०, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उ०प्र० डॉ० पवन कुमार अरूण, महानिदेशक, परिवार कल्याण डॉ० एच०डी० अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय उप मुख्यमंत्री जी ने एच०पी०वी० टीके की समस्त लाभार्थी बालिकाओं से स्वयं संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया एवं उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी प्रदान कीं।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बेटियों और महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की अधिकता को देखते हुए पूरी दुनिया ने चिंता व्यक्त की है। पूर्व में इस दिशा में महामहिम राज्यपाल, उ०प्र० ने प्रदेश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने हेतु व्यक्तिगत प्रयासों से टीकाकरण कैंप लगवाए हैं। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के विरूद्ध स्वदेशी टीका विकसित करने एवं देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एच०पी०वी० के टीके का शुभारंभ करने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त किया। प्रदेश की महामहिम राज्यपाल महोदया भी इसके लिए प्रेरणास्त्रोत रही हैं। माननीय उप मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों से आह्वान किया कि वे सभी पात्र बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका लगवाने हेतु समन्वित प्रयास करें। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाने में हमारी  प्रदेश सरकार सफल हुई है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस अवसर पर माननीय राज्य मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह जी ने कहा कि राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उत्तर  प्रदेश सरकार संकल्पित है कि  प्रदेश की प्रत्येक पात्र बालिका तक यह जीवनरक्षक टीका पहुंचाया जाएगा और सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम निरंतर उठाए जाते रहेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु व्यापक तैयारियाँ की हैं। राज्य के समस्त जनपदों में स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से टीकाकरण की गतिविधियां सुनिश्चित की जाएंगी।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग श्री अमित कुमार घोष ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व में टीकाकरण कार्यक्रम अभियान के सफल संचालन के परिणामस्वरूप  प्रदेश ने चेचक व पोलियो जैसी गंभीर बीमारियों का उन्मूलन किया है। मीजिल्स और रूबेला जैसी बीमारियां जिससे बच्चों की जान को खतरा होता है, के उन्मूलन हेतु प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि पूर्ण प्रतिरक्षण का स्तर शत-प्रतिशत होना चाहिए। इसी क्रम में आज हम राज्यव्यापी एचपीवी (भ्च्ट) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कर रहे हैं। यह पहल बालिकाओं, युवतियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ी हुई है एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है, साथ ही इसमें कोई खतरा नहीं है तथा सरकार की ओर से पूर्णतः निःशुल्क है।
इस अवसर पर किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (के०जी०एम०यू०) की कुलपति प्रो० सोनिया नित्यानन्द ने राष्ट्रीय एचपीवी (भ्च्ट) टीकाकरण अभियान को स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि संपूर्ण विश्व में भारत ही ऐसा देश है जहां सर्वाइकल कैंसर के विरूद्ध क्रांतिकारी लड़ाई लड़ते हुए बालिकाओं का निः शुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।
मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उ०प्र० डॉ० पिंकी जोवल, आई०ए०एस० ने जानकारी दी कि अगले एक वर्ष में हम  प्रदेश की लगभग 2439210 ऐसी बालिकाओं को टीका लगवाएंगे जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो परंतु 15 वर्ष से कम हों। पहले तीन महीनों में यह टीका जिला स्तरीय चिकित्सालयों एवं ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध होगा, तत्पश्चात यह नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में अपर मिशन निदेशक एवं विशेष सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग श्री धीरेन्द्र सिंह सचान, आई०ए०एस० द्वारा समस्त विशिष्ट एवं गणमान्य अतिथियों के साथ मीडिया कर्मियों एवं लाभार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Releated Posts

स्मार्ट डिजिटल क्लिनिक की दूसरी शाखा शुरू

विजय कुमार यादव/ प्रयागराज। संगम नगरी में किफायती स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए…

कोल्ड कॉफी भी हो सकती है हेल्दी: वजन घटाने के लिए अपनाएं ये तरीके

लखनऊ वार्ता -न्यूज़ कोल्ड कॉफी का स्वाद हर किसी को भाता है और गर्मी में इसे पीने का…

आजमगढ़: जिला महिला अस्पताल में ‘कन्या जन्मोत्सव’ की धूम

दिनेश कुमार प्रजापति आजमगढ़ 28 मार्च (आर एन एस)मा0 उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं मा0 जनपद…

दोपहर में झपकी लेने से आप दिन भर रहेंगे ऊर्जावान, जानिए कैसे

पूजा विमलदोपहर की झपकी हर किसी के लिए जरूरी है, जिससे आप अपनी ऊर्जा को बढ़ा सकते हैं।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top