
दिनेश प्रजापति
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन शुक्रवार को 127 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षाएं आयोजित की गईं। इस दौरान पहली पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान विषय में 2635 और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय में 2074 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 67803 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा शुरू कराई गई। जिला प्रशासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग लगातार केंद्रों पर नजर बनाए हुए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने मॉनिटरिंग सेल से परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी की जा रही थी। केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मी आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे और प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की गहन जांच की जा रही थी।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक हुई, जिसमें हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान विषय के लिए 37424 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 34789 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 2635 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली। इस पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसके लिए कुल 35014 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 33014 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2074 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की कोई सूचना नहीं मिली। जनपद प्रेक्षक के साथ-साथ सचल दस्ते भी लगातार सक्रिय रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है और अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। छात्रों को मनमाफिक प्रश्नपत्र मिलने से उनके चेहरे पर खुशी दिखी।



















