
लखनऊ वार्ता ब्यूरों
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय (पूर्व मंत्री) के विरुद्ध भाजपा (राजेश्वर सिंह) समर्थक मनीष शुक्ला नामक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक) के साथ ही अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मर्स पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की आपत्तिजनक एवं अपमानजनक तस्वीर प्रस्तुत की गई, जिससे कांग्रेस जनों में भारी रोष व्याप्त है।
उक्त घोर निंदनीय एवं दुर्भावनापूर्ण कृत्य को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह ‘‘बबलू’’ ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व प्रदेश महासचिव प्रमोद सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस नेता शैलेन्द्र दीक्षित सहित अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आज थाना हुसैनगंज, लखनऊ पहुंचकर आरोपी मनीष शुक्ला के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराने हेतु तहरीर दी गई है।
रूद्र दमन सिंह बबलू ने कहा कि भाजपा समर्थकों द्वारा लगातार कांग्रेस नेतृत्व की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति का अधिकार है, लेकिन किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत अपमान, अशोभनीय चित्रण एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कानूनन अपराध है।
जिलाध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की ओछी एवं नकारात्मक राजनीति करने का साहस न कर सके। कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, मर्यादाओं और कानून के शासन में विश्वास करती है तथा ऐसे कृत्यों के विरुद्ध मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।
















