
दुबई। युग निर्माण मिशन और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वैश्विक विचारों को दुबई में प्रस्तुत करते हुए डॉ. चिन्मय पंड्या ने 13 जून, 2025 को मीडिया सिटी में रेडियो मिर्ची (Live Mirchi) और कई प्रमुख अरबिक टीवी चैनलों को विशेष साक्षात्कार दिए। उन्होंने युग निर्माण मिशन की विचारधारा, देव संस्कृति विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय भूमिका और संस्कार आधारित शिक्षा की अनिवार्यता पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। डॉ. पंड्या ने ज्योति कलश के पावन महत्व को समझाते हुए बताया कि यह कैसे हमारे भीतर की आध्यात्मिक ज्योति को प्रज्वलित करता है। अपने सारगर्भित उद्बोधन में डॉ. पंड्या ने कहा, हमारी जिंदगी कठिन नहीं है, लेकिन हम उसको कठिन बना लेते हैं। हमें अपने आपको समझने के लिए अपने लिए समय निकालना चाहिए। जिसने स्वयं को समझ लिया, उसने सबको समझ लिया। हमें अपने अंदर के भगवान को देखना चाहिए। उन्होंने “शिक्षा ही विद्या भी है विषय पर भी अपने विचार रखते हुए जोर दिया कि आज की शिक्षा प्रणाली में संस्कार, सेवा और संस्कृति का समावेश अत्यंत आवश्यक है। डॉ. पंड्या ने यह भी दोहराया कि संस्कृति, सेवा और विज्ञान के संगम को जन-जन तक पहुँचाना हमारा कर्तव्य है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में खलीज टाइम्स से हरजोत ओबेरॉय, गल्फ न्यूज दुबई से तरुणा संजनानी सहित अनेक प्रतिष्ठित टीवी और सोशल मीडिया चैनलों के पत्रकार एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



















