वास्तु शास्त्र में कुछ ऐसे संकेतों का उल्लेख मिलता है, जिन्हें यदि व्यक्ति अपने आसपास अनुभव करता है, तो उन्हें शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि ये संकेत भविष्य में होने वाली सकारात्मक घटनाओं की ओर इशारा करते हैं। इसलिए अगर आपको भी अपने जीवन में ऐसे संकेत दिखाई दें, तो इन्हें अनदेखा नहीं करना चाहिए, क्योंकि ये आपके आने वाले समय के लिए अच्छा संदेश लेकर आ सकते हैं।

शुभ मानी जाती हैं ये घटनाएं
वास्तु मान्यताओं के अनुसार, दिन की शुरुआत में मंदिर की घंटियों या शंखनाद की आवाज सुनना बहुत ही शुभ संकेत माना जाता है। इसके अलावा यदि आपके घर में बिना किसी कारण अचानक मनमोहक खुशबू महसूस हो, तो इसे भी सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक समझा जाता है। माना जाता है कि ऐसे संकेत यह दर्शाते हैं कि जिस काम के लिए आप प्रयास कर रहे हैं, उसमें आपको सफलता मिल सकती है।

इन पक्षियों का दिखना माना जाता है खास
वास्तु शास्त्र में कुछ पक्षियों का दिखाई देना भी शुभ संकेतों में गिना गया है। अगर आपको अपने आसपास तोता या उल्लू नजर आए, तो इसे सौभाग्य से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि इन पक्षियों का दिखना धन लाभ या किसी अच्छी खबर के आने का संकेत हो सकता है।

घर में चिड़िया का घोंसला बनना
अगर आपके घर या उसके आसपास किसी चिड़िया ने घोंसला बना लिया है, तो इसे भी शुभ माना जाता है। वास्तु के अनुसार, यह इस बात का संकेत होता है कि आपके जीवन में खुशियों का आगमन होने वाला है। साथ ही इसे इस बात से भी जोड़ा जाता है कि आने वाली कोई बड़ी बाधा अपने आप टल गई है।

घर से निकलते समय दिखने वाले शुभ संकेत
वास्तु शास्त्र के अनुसार, जब आप किसी महत्वपूर्ण काम के लिए घर से बाहर निकलें और रास्ते में आपको गाय या बछड़ा, या गाय को दूध पीते हुए देख लें, तो यह बेहद शुभ संकेत माना जाता है। इसके अलावा, घर से निकलते समय मंदिर में पूजा-अर्चना होते हुए देखना भी सफलता का प्रतीक माना गया है। ऐसा संकेत यह दर्शाता है कि जिस कार्य के लिए आप जा रहे हैं, उसमें आपको सफलता मिलने की संभावना है।



















